गम्हरिया थाना दुष्कर्म मामले में एसपी का बड़ा एक्शन, थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मी सस्पेंड


मुख्य आरोपी सिपाही नीरज लकड़ा गिरफ्तार, एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में एसआईटी गठित

सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ कथित दुष्कर्म के मामले में पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी ने गम्हरिया थाना प्रभारी संजय प्रसाद समेत चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

मामले के मुख्य आरोपी सिपाही नीरज लकड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।

जानकारी के अनुसार, महिला पारिवारिक विवाद की शिकायत लेकर गम्हरिया थाना पहुंची थी। इसी दौरान थाना परिसर में उसके साथ कथित दुष्कर्म किए जाने का आरोप सामने आया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में कार्रवाई शुरू हो गई।

निलंबित पुलिसकर्मियों में थाना प्रभारी संजय प्रसाद, सब इंस्पेक्टर मनोज साहू, अनिरुद्ध सिंह और आरक्षी संतोष राय शामिल हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। एसआईटी पूरे घटनाक्रम की जांच कर आरोपों से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों को जुटाएगी।

Comments

और नया पुराने