रांची: जिले में राजस्व कार्यों की समीक्षा के दौरान उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के प्रति सख्त रुख अपनाया। उन्होंने जिले के सभी अंचल अधिकारियों और राजस्व कर्मियों के साथ बैठक कर लंबित मामलों की स्थिति की समीक्षा की और उनका शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
दलालों और बिचौलियों पर रोक लगाने के निर्देश
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि अंचल कार्यालयों में दलालों और बिचौलियों की गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राजस्व कार्यों में लापरवाही या अनियमितता की शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
दाखिल-खारिज और प्रमाण पत्रों के निष्पादन पर जोर
बैठक में 30 और 90 दिनों से अधिक समय से लंबित दाखिल-खारिज मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी प्रमाण पत्र निर्धारित समय-सीमा के भीतर जारी करने को कहा गया, ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
आदिवासी भूमि के अवैध हस्तांतरण पर सख्ती
उपायुक्त ने आदिवासी भूमि के अवैध हस्तांतरण के मामलों में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने और जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया। इसके अलावा नामकुम, अनगड़ा और ओरमांझी क्षेत्रों में पर्यटन विकास से जुड़े कार्यों में तेजी लाने पर भी जोर दिया गया।
अनुपस्थित कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस, वेतन रोकने का निर्देश
बैठक में बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने के मामले में हल्का कर्मचारी-8 विजय उरांव को कारण बताओ नोटिस जारी करने और वेतन रोकने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों और राजस्व कर्मियों को निर्देश दिया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता से करें और निर्धारित समय-सीमा के भीतर मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करें। प्रशासन का उद्देश्य राजस्व सेवाओं को पारदर्शी, जवाबदेह और आम जनता के लिए सुगम बनाना है।
Tags
रांची
Comments