दुर्गा पूजा को लेकर जमशेदपुर पुलिस अलर्ट, SSP एहतेशाम वकारीब और सिटी SP ललित मीणा ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

पारडीह चौक, कदमा टोल ब्रिज, खरकई पुल, रानीकुदर, साकची आम बागान और सर्किट हाउस एरिया के पूजा पंडालों का किया निरीक्षण

जमशेदपुर। दुर्गा पूजा के दौरान शहर में शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जमशेदपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में जमशेदपुर के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारीब और सिटी एसपी ललित मीणा ने पुलिस बल के साथ शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों, पुलों और दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान पारडीह चौक, कदमा टोल ब्रिज और खरकई पुल सहित प्रमुख मार्गों की सुरक्षा व्यवस्था देखी गई। इसके साथ ही अधिकारियों ने रानीकुदर पूजा पंडाल, साकची आम बागान और सर्किट हाउस एरिया स्थित पूजा पंडालों में सुरक्षा इंतजामों का भी जायजा लिया।
इस दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए किए गए प्रबंधों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

दुर्गा पूजा के दौरान शहर में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस की गश्त और निगरानी तेज की गई है। प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील स्थानों और पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालु निर्भीक होकर पूजा-अर्चना कर सकें और त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो।


Comments

और नया पुराने