छठ घाटों पर स्वच्छता, सुरक्षा और सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करे प्रशासन: विधायक पूर्णिमा साहू ने उपायुक्त को लिखा पत्र

स्वर्णरेखा नदी के प्रमुख घाटों से लेकर कृत्रिम छठ घाटों तक बेहतर इंतजाम की मांग, महिला व्रतियों के लिए चेंजिंग रूम, पेयजल, शौचालय और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर दिया जोर

जमशेदपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन से व्यापक तैयारियां करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने शुक्रवार को पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन को पत्र लिखकर क्षेत्र के सभी प्रमुख छठ घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा, प्रकाश, पेयजल, शौचालय, यातायात और चिकित्सा सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। पत्र भेजने के बाद विधायक ने उपायुक्त से फोन पर भी बातचीत कर आवश्यक तैयारियों की ओर उनका ध्यान आकृष्ट कराया।

विधायक ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के हजारों श्रद्धालु और व्रती स्वर्णरेखा नदी के विभिन्न घाटों पर अर्घ्य देने पहुंचते हैं। ऐसे में घाटों की साफ-सफाई, समतलीकरण, कचरा प्रबंधन और पहुंच पथों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराई जानी चाहिए। घाटों, संपर्क मार्गों और पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था भी सुनिश्चित होनी चाहिए।

उन्होंने विशेष रूप से महिला व्रतियों की सुविधा का ध्यान रखते हुए शुद्ध पेयजल, चलंत शौचालय और चेंजिंग रूम की व्यवस्था करने की मांग की है। सुरक्षा के मद्देनजर डेंजर जोन को चिह्नित कर वहां विशेष सतर्कता बरतने, भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल, महिला सुरक्षा कर्मियों और होमगार्ड की तैनाती के साथ एनडीआरएफ/एसडीआरएफ के गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

यातायात व्यवस्था को लेकर विधायक ने कहा कि छठ के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक और पार्किंग की ठोस योजना बनाई जाए, ताकि आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। वहीं, संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रत्येक प्रमुख घाट पर प्राथमिक उपचार केंद्र और एंबुलेंस की व्यवस्था भी की जाए।

विधायक ने पांडे घाट (भुइयांडीह बस स्टैंड), कल्याण नगर मुर्गा पारा, झरना घाट बाबूडीह, बारा घाट लालभट्टा, डोंगा घाट बागुनहातु, बिहारी बस्ती घाट, सूखा तालाब घाट, तिलक नगर घाट, जिला स्कूल घाट, भोजपुर कॉलोनी घाट, निराला पथ घाट, सीटू तालाब टेल्को और हुडको डैम छठ घाट सहित क्षेत्र के सभी प्रमुख घाटों पर समय रहते व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।

कृत्रिम छठ घाटों पर भी बेहतर व्यवस्था की मांग

प्राकृतिक घाटों के साथ-साथ विधायक पूर्णिमा साहू ने विधानसभा क्षेत्र में निर्मित कृत्रिम छठ घाटों पर भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के उप नगर आयुक्त को पत्र लिखकर साफ-सफाई, जलापूर्ति, प्रकाश और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने का आग्रह किया है।

उन्होंने कहा कि कृत्रिम घाटों पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु छठ पूजा करते हैं। इसलिए घाटों की संपूर्ण साफ-सफाई, जमीन का समतलीकरण और टैंकरों के माध्यम से पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ जल की आपूर्ति समय पर सुनिश्चित की जानी चाहिए। इसके अलावा प्रकाश, पेयजल, शौचालय और सुरक्षा सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

विधायक ने बताया कि कृत्रिम छठ घाटों की सूची के साथ स्थानीय नागरिकों के संपर्क नंबर भी प्रशासन को उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि संबंधित अधिकारियों को समन्वय स्थापित करने और समय रहते तैयारियां पूरी करने में सहूलियत हो।

उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन और संबंधित निकाय छठ महापर्व की महत्ता को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करेंगे, जिससे श्रद्धालु और व्रती सुरक्षित एवं सुविधाजनक माहौल में भगवान सूर्य की आराधना कर सकें।

Comments

और नया पुराने