एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर डीएसपी सुमित कुमार ने पुलिस टीम के साथ लोगों को किया जागरूक, महिलाओं और बच्चों में दिखा उत्साह
जमशेदपुर। दीपावली के त्योहार के अवसर पर पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को परसुडीह थाना क्षेत्र में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर लोको कॉलोनी स्थित हरिजन बस्ती में पुलिस टीम ने नशा मुक्ति अभियान के तहत लोगों को जागरूक किया।
इस अभियान का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक (विधि व्यवस्था) सुमित कुमार ने किया। उनके साथ परसुडीह थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए इससे दूर रहने और परिवार तथा समाज को नशामुक्त बनाने की अपील की।
अभियान के दौरान विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों को जागरूक किया गया। पुलिस पदाधिकारियों ने कहा कि नशे की लत का असर केवल एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। इसलिए इसके खिलाफ सामूहिक जागरूकता और सहयोग जरूरी है।
वहीं, कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत दीपावली के अवसर पर पुलिस टीम ने बस्ती के बच्चों के बीच उपहार वितरित किए। पुलिस को अपने बीच पाकर बच्चे काफी उत्साहित नजर आए। स्थानीय महिलाओं और अन्य लोगों ने भी अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस पहल के माध्यम से पुलिस ने न केवल नशामुक्त समाज का संदेश दिया, बल्कि त्योहार के अवसर पर आम लोगों के साथ अपनापन और विश्वास का रिश्ता मजबूत करने का प्रयास भी किया।
Tags
जमशेदपुर
Comments