1100 छठ व्रतियों की सेवा का रखा गया लक्ष्य, 14 नवंबर को मानगो में होगा कार्यक्रम : विकास सिंह
जमशेदपुर: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की ओर से छठ व्रतियों के बीच निःशुल्क सूप, फल एवं पूजन सामग्री का वितरण किया जाएगा। संघ की ओर से प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी महाखरना के दिन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
इस संबंध में संघ के सदस्य विकास सिंह ने बताया कि इस वर्ष 1100 छठ व्रतियों के बीच सूप, फल एवं पूजन सामग्री वितरित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए संघ के सदस्यों द्वारा कूपन तैयार किए गए हैं, जिन्हें कार्यक्रम से पहले ही लाभार्थियों के बीच वितरित किया जाएगा।
विकास सिंह ने बताया कि वितरित की जाने वाली सामग्री की मात्रा इतनी रखी जाएगी कि एक परिवार आसानी से छठ महापर्व का अनुष्ठान संपन्न कर सके। संघ का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को छठ पूजा के अवसर पर सहयोग प्रदान करना और सेवा भावना के साथ इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया कि आगामी 14 नवंबर, शनिवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक मानगो के डिमना रोड स्थित हीरा होटल मैदान के सामने दुर्गा पूजा स्थान पर वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम की तैयारी में मुख्य रूप से विकास सिंह, किशोर वर्मा, छोटेलाल सिंह, दुर्गा दत्ता, संदीप शर्मा, राम अवधेश चौबे, रामचंद्र प्रसाद, अजय लोहार, सीता देवी, सिद्धेश्वरी देवी, पायल कुमारी, विकास गुप्ता, सुशील शर्मा, मनोज राय एवं उपेंद्र प्रसाद सहित संघ के अन्य सदस्य जुटे हुए हैं।
Tags
जमशेदपुर
Comments