आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर आदित्यपुर थाना क्षेत्र में ड्रग्स कारोबार से जुड़े आरोपितों और फरार अभियुक्तों के खिलाफ सोमवार से शुरू विशेष अभियान मंगलवार को भी जारी रहा।
अभियान के तहत मंगलवार सुबह करीब 10 बजे आदित्यपुर पुलिस ने दलबल के साथ राम मड़ैया बस्ती, मुस्लिम बस्ती, इमली चौक समेत विभिन्न संवेदनशील इलाकों में सघन छापेमारी की।छापेमारी के दौरान पुलिस ने ड्रग्स कारोबार से जुड़े संदिग्ध ठिकानों की गहन तलाशी ली।
साथ ही पार्कों, चौक-चौराहों और देसी-विदेशी शराब दुकानों के आसपास बाइक पेट्रोलिंग कर असामाजिक तत्वों और लफंगों के खिलाफ भी विशेष कार्रवाई की गई।अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली।
मुस्लिम बस्ती से भारी मात्रा में नगदी बरामद की गई है। हालांकि बरामद राशि की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है, क्योंकि नोटों की गिनती जारी है।सूत्रों के अनुसार, पुलिस ड्रग्स कारोबार से जुड़े संदिग्ध लालटू की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
इस दौरान एक युवक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि बरामद नगदी और पूरे मामले का विस्तृत खुलासा नोटों की गिनती पूरी होने के बाद प्रेस ब्रीफिंग के माध्यम से किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में ड्रग्स तस्करी, फरार अपराधियों और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस पूरे नेटवर्क तक पहुंचकर इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की तैयारी में जुटी है।
Comments