जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में है। शहर में बढ़ते अपराध पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस गश्ती तेज कर दी गई है। साथ ही अपराधियों के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
एसएसपी के निर्देशानुसार देर रात विशेष पुलिस टीमों को तैनात किया गया है, जो शहर के विभिन्न इलाकों में गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। रात के समय अड्डाबाजी, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों और अपराध की आशंका वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। बिना वजह देर रात तक सार्वजनिक स्थानों पर जमा होने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।
इसके साथ ही जिलेभर में नशे के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। पुलिस स्कूलों, कॉलेजों और विभिन्न मोहल्लों में लोगों को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत करा रही है तथा युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील कर रही है। आम लोगों से भी अपील की गई है कि यदि कहीं मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री, तस्करी या सेवन की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों, नशा तस्करों और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।
Tags
jamshedpur
Comments