जमशेदपुर। गृह मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार देशभर में चलाए जा रहे “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के तहत 106वीं वाहिनी रैपिड एक्शन फोर्स (RAF), सुंदरनगर द्वारा शनिवार, 26 सितंबर 2026 को सुंदरनगर चौक एवं मार्केट क्षेत्र में स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया गया।
कमांडेंट राजीव कुमार के निर्देश पर आयोजित इस अभियान में RAF के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों ने सुंदरनगर चौक तथा आसपास के बाजार क्षेत्र में साफ-सफाई की। इस दौरान स्थानीय लोगों और दुकानदारों को सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थान पर डालने के लिए जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान उप कमांडेंट बच्चानदेव कुमार ने लोगों को स्वच्छता के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास का क्षेत्र साफ रखने और दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की अपील की।कार्यक्रम में उप कमांडेंट गुफरान अहमद, उप कमांडेंट राकेश कुमार, इंस्पेक्टर एवं सूबेदार मेजर विजय कुमार सहित RAF के अन्य अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
सुंदरनगर थाना के पुलिसकर्मियों ने भी अभियान में सहभागिता की।अभियान के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने, स्वच्छ वातावरण के महत्व को समझने और स्वस्थ समाज के निर्माण में आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया। मीडिया कर्मियों की मौजूदगी में स्वच्छता एवं जन-जागरूकता के संदेश को आम लोगों तक पहुंचाया गया।
Tags
जमशेदपुर
Comments