गोलमुरी क्लब कर्मचारियों को 17.5 प्रतिशत बोनस, अधिकतम ₹57,660 मिलेगा


जमशेदपुर, 21 सितंबर। गोलमुरी क्लब के कर्मचारियों के लिए इस वर्ष का बोनस समझौता सोमवार को कैंटीन होटल रेस्टोरेंट वर्कर्स यूनियन और गोलमुरी क्लब प्रबंधन के बीच हुआ। 

समझौते के तहत कर्मचारियों को 17.5 प्रतिशत बोनस दिया जाएगा। बोनस के रूप में न्यूनतम ₹24,436 और अधिकतम ₹57,660 का भुगतान किया जाएगा। प्रबंधन के अनुसार बोनस की राशि इसी सप्ताह कर्मचारियों के खाते में भुगतान की जाएगी।

बोनस समझौते पर क्लब प्रबंधन की ओर से अध्यक्ष उज्ज्वल चक्रवर्ती, सेक्रेटरी राजेश रोशन, जॉइंट सेक्रेटरी गुरप्रीत सिंह, ट्रेजरर वीरेंद्र कुमार, विशाल कुमार और दीपक वर्गिस ने हस्ताक्षर किए।वहीं यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पांडे, कार्यवाहक अध्यक्ष बी.के. डिंडा, महासचिव ददन सिंह, कमेटी मेंबर गगन सिंह, राजेश पाठक और राजू नाग ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।

इस अवसर पर क्लब प्रबंधन के अध्यक्ष उज्ज्वल चक्रवर्ती और यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडे ने कर्मचारियों एवं प्रबंधन को क्लब के विकास के लिए सकारात्मक दिशा में मिलकर काम करने का आह्वान किया। 

राकेश्वर पांडे ने कहा कि पिछले वर्षों में क्लब में लगातार विकास कार्य किए गए हैं। वर्तमान में भी क्लब के सौंदर्यीकरण का काम जारी है, जिसका लाभ ग्राहकों को मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि क्लब के विकास कार्यों को आगे भी जारी रखने की जरूरत है, ताकि क्लब के साथ-साथ कर्मचारियों को भी इसका लाभ मिले और उनके विकास के अवसर बढ़ें।अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ बोनस समझौता संपन्न हुआ। 

Comments

और नया पुराने