सट्टेबाजी-ड्रग्स के खिलाफ सरयू राय का बड़ा अभियान, हर थाना क्षेत्र में बनेगी निगरानी समिति विधायक बोले—पुलिस-प्रशासन ठान ले तो जमशेदपुर में सट्टेबाजों और ड्रग्स माफियाओं का रहना होगा मुश्किल


जमशेदपुर। शहर में सट्टेबाजी, जुआ और ड्रग्स के बढ़ते दुष्प्रभाव के खिलाफ जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने अभियान शुरू करने की घोषणा की है।

 सोमवार को बारीडीह स्थित अपने कार्यालय में ‘सट्टेबाजी एवं ड्रग्स के दुष्प्रभाव’ विषय पर आयोजित विशेष गोष्ठी में उन्होंने कहा कि यदि पुलिस-प्रशासन दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ कार्रवाई करे तो जमशेदपुर में सट्टेबाजों और ड्रग्स के कारोबार से जुड़े लोगों के लिए गतिविधियां चलाना मुश्किल हो सकता है।

गोष्ठी के दौरान ‘सट्टेबाजी एवं ड्रग्स के दुष्प्रभाव क्रांति दल’ के गठन की घोषणा की गई। सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी मनोज सिंह को इसका संयोजक बनाया गया। अभियान के तहत शहर के प्रत्येक थाना क्षेत्र में निगरानी समिति गठित करने की योजना है। 

समिति का एक संयोजक होगा, जो क्षेत्र में सट्टेबाजी और ड्रग्स से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी जुटाने तथा पुलिस-प्रशासन के साथ समन्वय करने का काम करेगा।सरयू राय ने कहा कि पहले हब्बा-डब्बा और सट्टा जैसी गतिविधियां छिपकर संचालित होने की बात सामने आती थी, लेकिन अब मेलों सहित सार्वजनिक स्थानों पर भी ऐसी गतिविधियों के आरोप सामने आ रहे हैं।

 उन्होंने कहा कि सट्टेबाजी और ड्रग्स का असर केवल अपराध तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे परिवार और समाज भी प्रभावित होते हैं।उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों में दबंग और प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता तथा संरक्षण के आरोपों की भी गंभीरता से जांच होनी चाहिए। 

सरयू राय ने इस संदर्भ में कहा, “भूत भगाने के लिए सरसों छींटा जाता है, पर जब सरसों में ही भूत घुस जाए तो स्थिति बड़ी विचित्र हो जाती है।”2 अक्टूबर को होगा ‘विचार क्रांति महोत्सव’सरयू राय ने बताया कि महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को ‘विचार क्रांति महोत्सव’ आयोजित किया जाएगा। 

इसमें सट्टेबाजी और ड्रग्स की समस्या के कारणों, सामाजिक प्रभावों और इसके निवारण के उपायों पर व्यापक परिचर्चा की जाएगी। कार्यक्रम में शहर के प्रबुद्ध एवं जागरूक नागरिकों को भी शामिल किया जाएगा।

स्कूल-कॉलेजों में होंगे जागरूकता कार्यक्रमक्रांति दल के संयोजक मनोज सिंह ने कहा कि अभियान को चरणबद्ध तरीके से पूरे जमशेदपुर में चलाया जाएगा। स्कूल, कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थानों में सेमिनार आयोजित कर युवाओं और छात्रों को सट्टेबाजी तथा ड्रग्स के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि नगर और मोहल्ला स्तर पर प्रबुद्ध नागरिकों एवं स्थानीय युवाओं को जोड़कर संयोजन समितियां बनाई जाएंगी। इन समितियों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर ऐसी गतिविधियों की जानकारी जुटाकर संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

जारी होगा एमएलए हेल्पलाइन नंबरअभियान के तहत एमएलए हेल्पलाइन नंबर जारी करने की भी जानकारी दी गई। मनोज सिंह के अनुसार, इस नंबर पर शिकायत करने वाले लोगों की गोपनीयता बनाए रखने का प्रयास किया जाएगा।

 संयोजन समितियां स्थानीय पुलिस और प्रशासन के साथ संपर्क में रहकर आवश्यक सहयोग लेंगी।गोष्ठी में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने सट्टेबाजी, जुआ और ड्रग्स के कारण आम लोगों और युवाओं पर पड़ रहे प्रभावों को लेकर अपने विचार रखे। 

कार्यक्रम में मनोज सिंह, अनिल तिवारी, सतीश सिंह, सुबोध श्रीवास्तव, नीरज सिंह, भीम सिंह, संजीव कुमार धानु, के.पी. सिंह, शेषनाथ पाठक, अनंत ठाकुर, दीपू ओझा, प्रलय दास, शंकर कर्मकार, अभय सिंह, विवेक पांडेय, अजय कुमार, मंजु सिंह, राघवेन्द्र प्रताप सिंह, सुधीर सिंह, संजय ठाकुर, विनय कुमार, सुनील सिंह, संतोष चौहान, हेमंत पाठक, पप्पू सिंह, मुकेश सिंह, कुलविंदर पन्नू सहित कई लोग मौजूद थे।

Comments

और नया पुराने