बरही में सांसद खेल महोत्सव-2026 का आगाज, 50 टीमों के बीच होगा नमो फुटबॉल नॉक आउट मैच

बरही। हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल की पहल पर सांसद खेल महोत्सव-2026 के तहत आयोजित नमो फुटबॉल नॉक आउट मैच का मंगलवार को बरही प्रखंड मैदान में भव्य शुभारंभ हुआ। 

प्रतियोगिता में बरही प्रखंड क्षेत्र की 50 टीमों ने पंजीकरण कराया है। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेलप्रेमी और दर्शक मौजूद रहे।कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने किया। 

उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद मशाल जलाकर खेल भावना और खेल को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। इसके बाद नमो जर्सी पहने खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट किया। विधायक ने फुटबॉल में किक मारकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।

 इस दौरान खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों ने सामूहिक रूप से नशामुक्ति का संकल्प भी लिया।उद्घाटन समारोह की शुरुआत सामूहिक राष्ट्रगान से हुई।


 विभिन्न टीमों के खिलाड़ियों द्वारा नमो जर्सी में मशाल के साथ किया गया मार्च पास्ट समारोह का मुख्य आकर्षण रहा।अंबेडकर क्लब बाराटांड़ ने जीता उद्घाटन मैचप्रतियोगिता का उद्घाटन मैच अंबेडकर क्लब बाराटांड़ और एफसी बुल 11 क्लब छोटकी केवाल के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में अंबेडकर क्लब बाराटांड़ ने 1-0 से जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया।विधायक मनोज कुमार यादव के मैदान पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। 

मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मैदान में जुटे रहे।खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना उद्देश्य: मनोज यादवउद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक मनोज कुमार यादव ने सांसद मनीष जायसवाल की पहल की सराहना की।

उन्होंने कहा कि पूरे हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में लगभग 60 हजार खिलाड़ियों का महासमागम हो रहा है।उन्होंने कहा कि सांसद खेल महोत्सव के तीन प्रमुख उद्देश्य हैं—खिलाड़ियों को मैदान से जोड़ना, उन्हें प्रोत्साहित कर बेहतर मंच उपलब्ध कराना और युवाओं को नशामुक्त बनाना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया है और इस संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने में सांसद खेल महोत्सव की पहल महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

विधायक ने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने और क्षेत्र का नाम रोशन करने की अपील की।कार्यक्रम में जिप उपाध्यक्ष किशुन यादव, विधानसभा प्रतिनिधि मुकुंद साव, नमो खेल श्रृंखला के संयोजक बंटी तिवारी, जिप प्रतिनिधि गुरुदेव गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि मणिलाल यादव, भगवान केशरी, मोतीलाल चौधरी, अर्जुन साव, राजेंद्र चंद्रवंशी, मंडल अध्यक्ष विजय यादव, नागेश्वर रजक समेत कई जनप्रतिनिधि, भाजपा नेता, कार्यकर्ता और खेलप्रेमी मौजूद रहे।

प्रतियोगिता को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष बलराम केसरी, उपाध्यक्ष सह मंडल अध्यक्ष विजय यादव, नागेश्वर रजक, मुन्ना यादव, सचिव रोशन राणा, संयुक्त सचिव पिंटू ठाकुर, कोषाध्यक्ष शुभांशु कुमार दुबे, सह कोषाध्यक्ष सचिन कुमार समेत आयोजन समिति के सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

Comments

और नया पुराने