जमशेदपुर। सामाजिक सरोकार और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मारवाड़ी युवा मंच जमशेदपुर शाखा की ओर से बस्ती क्षेत्र में जरूरतमंद बच्चों के बीच कॉपी एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया गया।
इस दौरान बच्चों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए नियमित रूप से विद्यालय जाने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम के दौरान करीब 100 जरूरतमंद विद्यार्थियों के बीच कॉपियां एवं अन्य अध्ययन सामग्री वितरित की गई।
शैक्षणिक सामग्री मिलने पर बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। मंच के सदस्यों ने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, विद्यालय जाने और भविष्य के लक्ष्य के बारे में जानकारी ली।मंच के सदस्यों ने बच्चों को नियमित पढ़ाई करने के साथ-साथ अपने माता-पिता और शिक्षकों का सम्मान करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सबसे मजबूत माध्यम है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को समय पर शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने से उनकी पढ़ाई जारी रखने में काफी मदद मिलती है।मारवाड़ी युवा मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि “युवाओं का जुनून, समाज का सुकून” के संकल्प के साथ मंच जरूरतमंद लोगों तक पहुंचकर सेवा कार्य कर रहा है।
शिक्षा के क्षेत्र में बच्चों को प्रोत्साहित करना मंच की प्राथमिकताओं में शामिल है। बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है।कार्यक्रम में शाखा अध्यक्ष युवा प्रकाश बजाज, सचिव युवा हेमंत गुप्ता, युवा आशीष अग्रवाल, युवा मिलन अग्रवाल, युवा केशव गोयल, युवा नीरज शर्मा, युवा अमन गोयल, युवा मनीष अग्रवाल, युवा आकाश काबरा, युवा राजकुमार मित्तल, युवा आयुष अग्रवाल सहित शाखा के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि जमशेदपुर शाखा की ओर से भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, सेवा और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे। जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने और उन्हें आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा।
Tags
जमशेदपुर
Comments