पंजाब डबल मर्डर केस की जांच पहुंची जमशेदपुर, फरार आरोपियों की तलाश में कई ठिकानों पर छापेमारी


जमशेदपुर। पंजाब के गुरदासपुर जिले में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड की जांच अब जमशेदपुर तक पहुंच गई है। फरार आरोपियों की तलाश में पंजाब पुलिस की एक टीम जमशेदपुर पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से शहर के विभिन्न इलाकों में छापेमारी अभियान चलाया। 

पुलिस टीम ने दस नंबर बस्ती, सुखिया रोड और विजयनगर समेत कई संभावित ठिकानों पर जांच-पड़ताल की।जानकारी के अनुसार, पंजाब पुलिस ने सुखिया रोड स्थित एक आवास, विजयनगर क्षेत्र में एक मेडिकल दुकान सहित अन्य संदिग्ध स्थानों पर तलाशी ली। 

छापेमारी का उद्देश्य गुरदासपुर में दर्ज डबल मर्डर केस के फरार आरोपियों के संभावित ठिकानों का पता लगाना और उनके संपर्कों से संबंधित सुराग जुटाना था।संपत्ति विवाद में दंपती की हत्या का आरोपबताया जाता है कि गुरदासपुर के काहनूवान थाना क्षेत्र के नैनेकोट गांव में 12 मई 2026 को संपत्ति विवाद को लेकर अजायब सिंह और उनकी पत्नी कमल कौर की हत्या कर दी गई थी।

 प्रारंभिक जांच में पुलिस के सामने पैतृक जमीन और संपत्ति को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवाद की बात सामने आई थी।इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को आरोपी बनाया है। इनमें अमरजीत सिंह उर्फ अंबे, मनप्रीत कौर, तरसेम सिंह और हरजोत सिंह के नाम शामिल हैं। पुलिस ने जांच के दौरान अमरजीत सिंह और मनप्रीत कौर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि तरसेम सिंह और हरजोत सिंह के फरार होने की बात सामने आ रही है।

जमशेदपुर से जुड़े संपर्कों की जांचपंजाब पुलिस को जांच के दौरान फरार आरोपियों के कुछ संभावित संपर्क जमशेदपुर से जुड़े होने की जानकारी मिली। इसी आधार पर पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से शहर में कई स्थानों पर दबिश दी।सूत्रों के अनुसार, फरार आरोपी तरसेम सिंह के सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों से जुड़े होने की जानकारी भी जांच के दौरान सामने आई है। पुलिस अब उसके साथ-साथ दूसरे फरार आरोपी हरजोत सिंह की तलाश में संभावित ठिकानों और संपर्कों की जांच कर रही है।

फिलहाल जमशेदपुर में हुई छापेमारी के दौरान किसी आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है। हालांकि, पुलिस को कुछ अहम सुराग और जानकारियां मिलने की बात कही जा रही है। पंजाब पुलिस की टीम मामले में आगे की जांच और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Comments

और नया पुराने