भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू का जमशेदपुर आगमन, परिसदन में कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत; संगठनात्मक गतिविधियों की ली जानकारी, एकजुट होकर काम करने का दिया संदेश


जमशेदपुर। झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू रविवार को जमशेदपुर पहुंचे। उनके आगमन पर भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में जिला पदाधिकारियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं ने जमशेदपुर परिसदन में उनका स्वागत किया।

परिसदन में आयोजित मुलाकात के दौरान प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने जमशेदपुर महानगर में चल रही संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने जिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए संगठन के कामकाज, आगामी कार्यक्रमों और पार्टी की गतिविधियों को लेकर चर्चा की।

 साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं का कुशल-क्षेम भी जाना।आदित्य साहू ने कार्यकर्ताओं से संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर सक्रियता से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और आपसी समन्वय पर निर्भर करती है। 

उन्होंने आगामी गतिविधियों को लेकर कार्यकर्ताओं को पूरी तत्परता के साथ जुटने का संदेश दिया।इस दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह एवं प्रदेश मंत्री सरोज सिंह भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में जमशेदपुर महानगर भाजपा के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Comments

और नया पुराने