जमशेदपुर। जम्मू में आयोजित 36वीं नेशनल अंडर-17 ओपन चेस चैंपियनशिप 2026 में झारखंड के युवा शतरंज खिलाड़ी अधिराज मित्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
अधिराज ने राष्ट्रीय स्तर पर अंडर-17 ओपन वर्ग का चैंपियन बनकर झारखंड, पूर्वी सिंहभूम और जमशेदपुर का नाम रोशन किया।प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों से चयनित 201 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
कड़े मुकाबले के बीच अधिराज ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और 11 राउंड में 9 अंक हासिल किए। खास बात यह रही कि चैंपियनशिप के दौरान अधिराज को किसी भी खिलाड़ी के हाथों हार का सामना नहीं करना पड़ा और वह अजेय रहे।
अधिराज की इस उपलब्धि को झारखंड के शतरंज जगत के लिए महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। उनकी मेहनत, लगन, अनुशासन और लगातार अभ्यास का परिणाम राष्ट्रीय मंच पर देखने को मिला है।
अधिराज के नेशनल चैंपियन बनने से उनके परिवार के साथ-साथ खेलप्रेमियों में भी खुशी का माहौल है। उनकी सफलता पर पूर्वी सिंहभूम और जमशेदपुर के खेल जगत से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
अधिराज की यह उपलब्धि युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा बनी है और उम्मीद है कि वह आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए देश का नाम रोशन करेंगे।
Tags
जमशेदपुर
Comments