जमशेदपुर। दुर्गा पूजा को देखते हुए परसुडीह क्षेत्र में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था समेत विभिन्न नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त कराने की मांग को लेकर भाजपा परसुडीह मंडल ने मंगलवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। मंडल अध्यक्ष सुमित कुमार शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा।
ज्ञापन में परसुडीह बाजार और पूजा पंडालों के आसपास विशेष साफ-सफाई कराने, खराब एवं बंद स्ट्रीट लाइटों की तत्काल मरम्मत कराने तथा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सड़कों एवं आसपास के क्षेत्रों में समुचित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।
भाजपा नेताओं ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान क्षेत्र में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही होती है। ऐसे में साफ-सफाई और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बेहद जरूरी है। इसके अलावा परसुडीह मंडल क्षेत्र में व्याप्त अन्य मूलभूत जनसमस्याओं का भी प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को सुनने के बाद बीडीओ ने संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई करने और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता राम सिंह मुंडा, पूर्व मुखिया प्रकाश शांडिल्य, अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला महामंत्री पी.के. करवा, मंडल उपाध्यक्ष रुद्रों मुंडा एवं माला मुंडा, महामंत्री विजय विश्वकर्मा एवं अजय सिंह, मंडल मंत्री दुर्गा सेनापति एवं शुक्ला हल्दर, मीडिया प्रभारी मोहन सिंह, दीपक करवा, वार्ड मेंबर गिरजा दुबे, आरती ओझा और वीना देवी समेत कई कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
भाजपा परसुडीह मंडल अध्यक्ष सुमित कुमार शर्मा ने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर भाजपा लगातार सक्रिय है और क्षेत्र की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाती रहेगी।
Tags
जमशेदपुर
Comments