नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में विशेष स्वच्छता अभियान 6.0 की शुरुआत, ई-वेस्ट प्रबंधन को लेकर विद्यार्थियों ने लिया संकल्प


जमशेदपुर। नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के नेताजी सुभाष इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन में विशेष स्वच्छता अभियान 6.0 के तहत 29 और 30 सितंबर को स्वच्छता, साफ-सफाई एवं ई-वेस्ट जागरूकता अभियान चलाया गया। 

अभियान में बीएड सत्र 2025-27 एवं 2026-28 के करीब 150 विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी की।अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय समुदाय में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ जिम्मेदार कचरा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण तथा इलेक्ट्रॉनिक कचरे के सुरक्षित और वैज्ञानिक निस्तारण के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।

अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने संस्थान परिसर के विभिन्न हिस्सों में साफ-सफाई की और ऐसे स्थानों को चिह्नित किया, जहां नियमित स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन की आवश्यकता है। 

परिसर में वेस्ट कलेक्शन कॉर्नर भी स्थापित किया गया, ताकि कचरे के व्यवस्थित संग्रह और पृथक्करण को बढ़ावा दिया जा सके।अभियान का प्रमुख आकर्षण ई-वेस्ट कलेक्शन कॉर्नर रहा। 

बीएड के दोनों सत्रों के विद्यार्थी विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों से इलेक्ट्रॉनिक कचरा एकत्र कर निर्धारित संग्रहण केंद्र तक पहुंचाएंगे। एकत्रित ई-वेस्ट को उचित माध्यम से निस्तारण अथवा रीसाइक्लिंग के लिए भेजा जाएगा। विद्यार्थियों को बताया गया कि इलेक्ट्रॉनिक कचरे का प्रबंधन सामान्य कचरे से अलग तरीके से किया जाना आवश्यक है।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक दिन या अभियान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की दैनिक जिम्मेदारी है। उन्होंने ई-वेस्ट के सुरक्षित संग्रह एवं निस्तारण पर जोर देते हुए कहा कि युवा पीढ़ी पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

कुलपति प्रो. डॉ. प्रभात कुमार पाणि ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को अकादमिक ज्ञान के साथ सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के प्रति संवेदनशील बनाना भी है। 

उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छता, कचरा पृथक्करण और ई-वेस्ट प्रबंधन की व्यावहारिक जानकारी मिल रही है।कार्यक्रम में रजिस्ट्रार नागेंद्र सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रो. मोजिब अशरफ, अकादमिक सलाहकार प्रो. दिलीप शोम, डीन आईक्यूएसी डॉ. गरिमा सिंह, डीन एडमिनिस्ट्रेशन डॉ. राकेश कुमार, डीन एकेडमिक अभिनव कुमार सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य और कर्मचारी मौजूद रहे।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार अभियान के तहत अक्टूबर माह में भी स्वच्छता, जागरूकता और ई-वेस्ट संग्रह से जुड़ी गतिविधियां जारी रहेंगी। 

कार्यक्रम समन्वयक एवं एजुकेशन विभाग की प्राध्यापिका परवीन निशा ने बताया कि आगामी एक महीने तक विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।

Comments

और नया पुराने