जमशेदपुर के सिटी एसपी ललित मीणा ने मध्य रात्रि में दोमुहानी पुल पर बने चेक पोस्ट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चेक पोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी, सुरक्षा व्यवस्था और वाहनों की जांच का जायजा लिया।
सिटी एसपी ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रात के समय चेक पोस्ट पर विशेष सतर्कता बरती जाए और संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों पर लगातार नजर रखी जाए।
किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल वरीय अधिकारियों को सूचना देने का निर्देश दिया गया।निरीक्षण के दौरान आपात स्थिति में शहर को सील करने की रणनीति को लेकर भी पुलिसकर्मियों को जानकारी दी गई।
सिटी एसपी ललित मीणा ने समझाया कि किसी बड़ी आपराधिक घटना या गंभीर आपात स्थिति में शहर के प्रमुख प्रवेश और निकास मार्गों को किस तरह तत्काल सील किया जाना है।
उन्होंने चेक पोस्ट पर तैनात जवानों को आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में शहर से बाहर निकलने वाले प्रमुख मार्गों पर तत्काल चेकिंग बढ़ाई जाए और संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जाए।
साथ ही संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती और लगातार पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।सिटी एसपी ने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान पूरी तरह मुस्तैद रहने और किसी भी परिस्थिति में लापरवाही नहीं बरतने को कहा।
दोमुहानी पुल पर मध्य रात्रि में किया गया यह औचक निरीक्षण शहर की सुरक्षा व्यवस्था और आपात परिस्थितियों में पुलिस की त्वरित कार्रवाई की तैयारियों की समीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है।
Tags
जमशेदपुर
Comments