जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव में बुधवार की देर रात पुलिस और बिंदल मॉल रेस्टोरेंट फायरिंग कांड से जुड़े दो आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में दोनों आरोपी मोहन यादव और अजीत मंडल के पैर में गोली लगी है।
घायल दोनों आरोपियों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस के अनुसार, बिंदल मॉल फायरिंग मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम को दोनों आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली थी। इसी आधार पर पुलिस ने उन्हें पकड़ने के लिए कार्रवाई शुरू की।
मरीन ड्राइव इलाके में पुलिस टीम के पहुंचने पर दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों से बचकर भागने की कोशिश की।पुलिस का दावा है कि इसी दौरान आरोपियों ने एक पुलिसकर्मी की पिस्तौल छीन ली और फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी।
इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया।घटनास्थल से पुलिस ने दो पिस्टल बरामद किए हैं। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया। एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब, सिटी एसपी ललित मीणा समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए पुलिस टीम से पूरे मामले की जानकारी ली।यह मुठभेड़ बिंदल मॉल रेस्टोरेंट फायरिंग कांड की जांच में अहम कड़ी मानी जा रही है। इससे पहले पुलिस ने मामले में कई संदिग्धों और आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी।
अब पुलिस घायल आरोपियों से पूछताछ कर फायरिंग की साजिश, हथियारों की उपलब्धता और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
अधिकारियों का कहना है कि फायरिंग कांड में शामिल सभी आरोपियों तक पहुंचने और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए जांच तेज कर दी गई है। मरीन ड्राइव मुठभेड़ के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।
Tags
जमशेदपुर
Comments