गुड़ाबांदा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर 2026 को गुड़ाबांदा प्रखंड के सिंहपुरा पंचायत भवन में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा की अध्यक्षता पंचायत के मुखिया कानाई लाल माहली ने की।
इस दौरान पंचायत एवं ग्राम विकास योजना (GPDP) रिफॉर्म उत्सव के तहत ग्रामीण विकास, सामुदायिक भागीदारी और पंचायत के समग्र विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी डांगुर कोड़ाह, प्रखंड एवं अंचल के कर्मी, पंचायत के सभी वार्ड सदस्य, ग्राम प्रधान, सेविका, स्वास्थ्य सहिया, जल सहिया, पंचायत सहायक तथा टाटा स्टील फाउंडेशन (TSF) के सहकर्मी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
ग्राम सभा के दौरान GPDP रिफॉर्म उत्सव के विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। वहीं, TSF की ओर से पंचायत क्षेत्र में सामुदायिक भागीदारी, CLFZ, ग्रामीण विकास, युवाओं की सक्रिय भूमिका और आगामी गतिविधियों को लेकर जानकारी साझा की गई।
इस दौरान पंचायत के विकास कार्यों में ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।बैठक में उपस्थित पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने सक्रिय रूप से हिस्सा लेते हुए क्षेत्र की समस्याओं, विकास की संभावनाओं और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने सुझाव रखे।
ग्राम सभा में ग्रामीणों की सहभागिता के माध्यम से विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर बल दिया गया।कार्यक्रम के दौरान जानकारी दी गई कि अगली बैठक 7 अक्टूबर 2026 को पूर्वाह्न 10 बजे पंचायत सभागार में आयोजित की जाएगी।
अंत में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए ग्राम सभा का समापन किया गया।
Tags
जमशेदपुर
Comments