ज़ेवियर पब्लिक स्कूल के संचालक सुनील सिंह के निधन से सरयू राय दुखी, बोले—उनकी हिम्मत और समाजसेवा हमेशा याद आएगी


जमशेदपुर: ज़ेवियर पब्लिक स्कूल, गोविंदपुर के संचालक सुनील सिंह के कैंसर से निधन पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सुनील सिंह को स्वनिर्मित, उत्साही, कर्मठ, मिलनसार और बेहद मददगार व्यक्तित्व के रूप में याद करते हुए कहा कि उनका नहीं रहना हमेशा खलेगा।

सरयू राय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सुनील सिंह से जुड़ा एक संस्मरण साझा करते हुए उनके साहस, सहयोग और सामाजिक प्रतिबद्धता को याद किया। उन्होंने बताया कि सुनील सिंह ने वर्ष 2022 में आयोजित प्रथम बाल दिवस समारोह में महत्वपूर्ण सहयोग दिया था।

प्रशासनिक आदेश के बावजूद बच्चों के साथ बाल मेला पहुंचे थे सुनील सिंह

सरयू राय ने अपने संस्मरण में लिखा कि वर्ष 2022 में प्रथम बाल दिवस आयोजन की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान राजनीतिक दबाव में पूर्वी सिंहभूम के तत्कालीन उपायुक्त ने आयोजन की पूर्व संध्या पर 13 नवंबर की रात करीब नौ बजे सभी सरकारी और गैर सरकारी प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों को बाल मेले में भाग नहीं लेने का आदेश जारी कर दिया था।

सरयू राय के अनुसार, अगले दिन 14 नवंबर की सुबह सुनील सिंह अपने विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ अपने संसाधनों से बाल मेला स्थल पर पहुंच गए। उनके इस कदम को देखकर अन्य गैर सरकारी और कई सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थी भी मेले में पहुंचने लगे। इसके बाद बाल मेले का उद्घाटन सत्र शानदार तरीके से संपन्न हुआ।

‘सुनील सिंह हिम्मती इंसान थे’

सरयू राय ने सुनील सिंह को याद करते हुए कहा कि वह कठिन परिस्थितियों में भी पीछे हटने वाले व्यक्ति नहीं थे। उन्होंने अपने व्यवहार और कार्यों से लोगों के बीच अलग पहचान बनाई थी। सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों में उनका सहयोग हमेशा याद किया जाएगा।

सुनील सिंह के निधन से शिक्षा जगत और उनसे जुड़े लोगों के बीच शोक का माहौल है। सरयू राय ने उनके व्यक्तित्व और सहयोग को याद करते हुए दुख जताया कि ऐसे हिम्मती और मददगार इंसान का चले जाना एक बड़ी क्षति है।

Comments

और नया पुराने