बारिनगर में फुटबॉल का रोमांच, विधायक संजीव सरदार ने किया आठवीं चैंपियंस ट्रॉफी का शुभारंभ

झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों की 32 टीमें ले रही हैं हिस्सा, विधायक ने कहा- मेहनत और अनुशासन के दम पर राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बनाएं पहचान

जमशेदपुर। टेल्को के बारिनगर में बारिनगर फ्रेंड्स क्लब की ओर से आयोजित आठवीं चैंपियंस ट्रॉफी डे-नाइट फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में पोटका विधायक संजीव सरदार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया और प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली सभी टीमों को शुभकामनाएं दीं। टूर्नामेंट में झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों की कुल 32 टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

बारिनगर में फुटबॉल के प्रति जुनून देखकर खुश हुए विधायक

खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में क्रिकेट की लोकप्रियता अधिक देखने को मिलती है, लेकिन बारिनगर में फुटबॉल के प्रति युवाओं का जुनून और लगाव देखकर उन्हें बेहद खुशी होती है। उन्होंने कहा कि झारखंड में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत है कि खिलाड़ियों को सही मंच, बेहतर अवसर और प्रोत्साहन मिले।

उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर आयोजित होने वाले ऐसे टूर्नामेंट खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं। साथ ही, युवाओं को खेलों से जुड़ने और अपनी क्षमता पहचानने के लिए प्रेरित करते हैं।

खेल को भविष्य का माध्यम बनाएं युवा

विधायक ने खिलाड़ियों से अपील की कि वे खेल को केवल मनोरंजन या शौक तक सीमित न रखें, बल्कि मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ इसे अपने भविष्य का माध्यम बनाएं। उन्होंने कहा कि स्थानीय मैदानों से निकलकर खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड तथा देश का नाम रोशन कर सकते हैं।

संजीव सरदार ने कहा कि झारखंड सरकार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रयास कर रही है। खिलाड़ियों को रोजगार से जोड़ने और उनकी उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के लिए भी विभिन्न प्रावधान किए गए हैं।

खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने पर जोर

विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों के भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने बारिनगर फ्रेंड्स क्लब की सराहना करते हुए कहा कि 32 टीमों को एक मंच पर लाकर डे-नाइट फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित करना क्षेत्र में खेलों के प्रति उत्साह को दर्शाता है।

उन्होंने सभी खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन और आपसी भाईचारे के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील की। साथ ही आयोजन की सफलता के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजन समिति के सदस्य गुलफाम, नासर इमाम, तबरेज, मुन्ना, असगर खान सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Comments

और नया पुराने