जनता दरबार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सुनीं आम लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध समाधान का निर्देश



चौकीदार बहाली, लंबित वेतन भुगतान और आंगनबाड़ी सेविका चयन में अनियमितता की शिकायतें पहुंचीं; भुइयाडीह में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने का निर्देश

सरायकेला। सरायकेला-खरसावां समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में शुक्रवार को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं और शिकायतों से संबंधित आवेदन सौंपे। उपायुक्त ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर समस्याओं का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जनता दरबार में चौकीदार बहाली प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने, नीमडीह प्रखंड में आंगनबाड़ी सेविका के चयन में कथित अनियमितता और चौकीदारों के लंबित वेतन भुगतान से संबंधित मामले प्रमुखता से उठाए गए। इन शिकायतों पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जांच करने और नियमानुसार उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

वहीं, चांडिल प्रखंड के भुइयाडीह में सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण किए जाने की शिकायत भी सामने आई। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने उप विकास आयुक्त को जिला परिषद की भूमि की जांच कराने, अतिक्रमण की स्थिति स्पष्ट करने और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश दिया।

जनता दरबार में विभिन्न विभागों से जुड़ी अन्य समस्याओं और शिकायतों के आवेदन भी प्राप्त हुए। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए निष्पक्ष जांच की जाए और पात्र मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी शिकायतों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब न करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदकों को राहत उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कदम उठाएं।

Comments

और नया पुराने