टाइगर मोबाइल के जवानों को सिटी एसपी ललित मीणा ने दिया सख्त निर्देश, अपराधियों पर रखें पैनी नजर

सीसीआर परिसर में हुई बैठक, सघन गश्ती, सूचना संकलन और अड्डेबाजी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश

जमशेदपुर। शहर में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक नगर श्री ललित मीणा ने सीसीआर परिसर में टाइगर मोबाइल के पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ बैठक की। बैठक में सहायक पुलिस अधीक्षक श्री ऋषभ त्रिवेदी, पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर श्री मनोज ठाकुर एवं पुलिस निरीक्षक श्री अविनाश कुमार उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान सिटी एसपी ने टाइगर मोबाइल के जवानों को अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में सघन गश्ती करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शहर में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस की सक्रियता और सतर्कता बेहद जरूरी है।

उन्होंने जवानों को क्षेत्र में लगातार सूचना संकलन करने, अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने तथा संदिग्ध एवं सक्रिय अपराधियों का सत्यापन कर उन्हें चिन्हित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही विभिन्न इलाकों में अड्डेबाजी करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा।

सिटी एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि टाइगर मोबाइल के जवान अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से भ्रमण करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते अपराध पर अंकुश लगाया जा सके।

Comments

और नया पुराने