ग्रामीण एसपी ने मुसाबनी अनुमंडल के सभी थाना प्रभारियों के साथ की समीक्षा बैठक, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश

गृहभेदन और मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं के उद्भेदन के लिए SIT गठित, एंटी क्राइम चेकिंग और गश्ती तेज करने का आदेश

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने मुसाबनी अनुमंडल क्षेत्र के सभी थाना प्रभारियों, पुलिस निरीक्षकों एवं पुलिस उपाधीक्षक, मुसाबनी के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में थाना स्तर पर लंबित सभी कांडों की बारी-बारी से समीक्षा की गई।

इस दौरान ग्रामीण एसपी ने विशेष रूप से वर्ष 2025 से पूर्व के लंबित मामलों एवं आईटी एक्ट (IT Act) से संबंधित कांडों का अनुसंधान तेजी से पूरा कर उनका निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अनुसंधान में अनावश्यक देरी नहीं करने तथा लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने पर जोर दिया।

बैठक में क्षेत्र में लगातार हो रही गृहभेदन एवं मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर भी गंभीरता से चर्चा की गई। इन घटनाओं का उद्भेदन करने और अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है।

ग्रामीण एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को क्षेत्र में कम्युनिटी पुलिसिंग को प्रभावी बनाने तथा नियमित गश्ती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रिय उपस्थिति आम जनता के बीच महसूस होनी चाहिए, ताकि लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे।

इसके अलावा सभी थाना प्रभारियों को स्वयं एंटी क्राइम चेकिंग अभियान में शामिल होने का निर्देश दिया गया। अभियान के दौरान चोरी की मोटरसाइकिल, अवैध आग्नेयास्त्र एवं मादक पदार्थों की बरामदगी पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अड्डेबाजी के विरुद्ध नियमित छापेमारी करने का भी निर्देश दिया गया। ग्रामीण एसपी ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों का निष्पादन और आम जनता की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।

Comments

और नया पुराने