खेलने के लिए दिया मौत का सामान! मासूम भांजे की गोली लगने से मौत, मामा जेल भेजा गया



बोकारो में एक मामा की कथित लापरवाही ने एक मासूम की जिंदगी छीन ली! जिस हथियार से मौत का खेल नहीं होना चाहिए था, वही पिस्टल मासूम के हाथों तक पहुंच गई और एक पल में परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। मासूम भांजे की गोली लगने से हुई मौत के मामले में आरोपी मामा राजेश कुमार को पुलिस ने जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अवैध पिस्टल और गोलियां जमालपुर से 40 हजार रुपये में खरीदकर लाया था। सवाल है कि आखिर अवैध हथियार घर तक कैसे पहुंचा और मासूम के हाथ में पिस्टल किस परिस्थिति में आई? 

यह घटना बोकारो के माराफारी थाना क्षेत्र के कर्नल मार्केट स्थित रांची मोहल्ले की है। 17 अक्टूबर क़ो घर में मौजूद मासूम को क्या पता था कि जिस पिस्टल से वह खेलने लगा, वही उसकी जिंदगी का आखिरी पल बन जाएगी। गोली चलने से बालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मामा फरार हो गया था। बाद में पुलिस के दबाव के बीच उसने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। पुलिस ने जांच के दौरान घटनास्थल से एक पिस्टल, पांच कारतूस वाली एक भरी मैगजीन और एक खाली मैगजीन बरामद की। इसके बाद आरोपी राजेश कुमार को 48 घंटे की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मुंगेर के जमालपुर से 40 हजार रुपये में पिस्टल और गोलियां खरीदकर लाया था। इसी दौरान उसने अपने मासूम भांजे को खेलने के लिए हथियार दे दिया। गोली चलने से बच्चे की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने अवैध हथियार रखने और घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। हालांकि, मामले से जुड़े सभी तथ्यों का अंतिम निर्धारण न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगा।

48 घंटे की पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद आरोपी राजेश कुमार को जेल भेज दिया गया है। इस घटना ने एक बार फिर अवैध हथियारों की खरीद और उन्हें असुरक्षित तरीके से रखने के गंभीर खतरे को सामने ला दिया है। एक परिवार ने अपना मासूम खो दिया, जबकि अब पुलिस इस मामले में कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ा रही है।


बोकारो की इस दर्दनाक घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अवैध हथियारों का कारोबार और हथियारों के प्रति लापरवाही किसी की भी जिंदगी छीन सकती है। जरूरत है सख्त कार्रवाई की, ताकि किसी और घर का चिराग इस तरह न बुझे।

Comments

और नया पुराने