नगर आयुक्त ने अधिकारियों को दिए निर्देश, छठ घाटों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था और आपदा प्रबंधन की तैयारियां समय पर पूरी करने पर जोर
जमशेदपुर। अर्नब चक्रवात की संभावित आशंका और आगामी दीपावली एवं छठ पूजा को देखते हुए जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) ने तैयारियां तेज करने की पहल की है। मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को नगर आयुक्त की अध्यक्षता में JNAC के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आपदा प्रबंधन, आम नागरिकों की सुरक्षा और पर्व-त्योहारों के दौरान जरूरी नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में विशेष पदाधिकारी, लेखा पदाधिकारी, नगर प्रबंधक और संबंधित अभियंता उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को संभावित चक्रवात से निपटने के लिए सतर्क रहने और सभी आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी रखने का निर्देश दिया।
चक्रवात की आशंका को लेकर अलर्ट रहने का निर्देश
नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि चक्रवात से संभावित रूप से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में माइकिंग के माध्यम से आम लोगों को आवश्यक सावधानियों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी जाए। साथ ही, सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपदा प्रबंधन योजना तैयार रखने तथा आवश्यक उपकरणों, संसाधनों और बचाव दल को अलर्ट मोड में रखने को कहा गया।
उन्होंने आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
दीपावली और छठ पूजा पर सफाई व रोशनी की व्यवस्था
आगामी दीपावली और छठ पूजा को देखते हुए नगर आयुक्त ने नगर क्षेत्र में साफ-सफाई और अन्य नागरिक सुविधाओं को समय पर दुरुस्त करने का निर्देश दिया। विशेष रूप से छठ घाटों और उनके आसपास के क्षेत्रों की सफाई, कचरे का समयबद्ध उठाव तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
इसके अलावा, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी व्यवस्थाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया गया।
तैयारियों की नियमित निगरानी करेंगे अधिकारी
नगर आयुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों और अभियंताओं को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में तैयारियों की नियमित निगरानी करने तथा निर्धारित समय पर सभी कार्य पूरे करने को कहा।
JNAC का लक्ष्य संभावित चक्रवात की स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ दीपावली और छठ पूजा के दौरान आम लोगों एवं श्रद्धालुओं को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
Tags
जमशेदपुर
Comments