जमशेदपुर। जिउतिया पर्व के दिन मानगो गांधी घाट के पास नदी में डूबी 9 वर्षीय पूनम कुमारी की तलाश में देरी से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने एनडीआरएफ की टीम और प्रशिक्षित गोताखोरों को बुलाने की मांग को लेकर गांधी घाट पुल को जाम कर दिया।
सड़क पर लोगों के जुटने से पुल पर आवागमन प्रभावित हो गया और दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।बताया गया कि मानगो समता नगर निवासी संतोष ठाकुर की दो बेटियां ज्योति कुमारी और 9 वर्षीय पूनम कुमारी जिउतिया पर्व के अवसर पर अपनी मां के साथ गांधी घाट के पास नदी में स्नान करने गई थीं।
इसी दौरान दोनों बहनें नदी के गहरे पानी में चली गईं और तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गईं।घटना के बाद घाट पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों बच्चियों को बचाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद ज्योति कुमारी को नदी से बाहर निकाल लिया गया। उसकी हालत को देखते हुए उसे तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
वहीं, पूनम तेज बहाव में बह गई और उसका अब तक पता नहीं चल सका है।पूनम के लापता होने के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने अपने स्तर से नदी में उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। अंधेरा बढ़ने के साथ खोज अभियान में भी परेशानी होने लगी।
इसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से एनडीआरएफ की टीम तथा प्रशिक्षित गोताखोरों को तत्काल मौके पर भेजकर बड़े स्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाने की मांग की।मांग पूरी नहीं होने से नाराज लोगों ने गांधी घाट पुल पर पहुंचकर सड़क जाम कर दिया।
लोगों का कहना था कि नदी का बहाव तेज है और बच्ची के लापता होने के कई घंटे बीत चुके हैं, इसलिए विशेषज्ञ गोताखोरों और एनडीआरएफ की मदद से जल्द से जल्द तलाश शुरू की जानी चाहिए।सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया।
वहीं, परिजन लगातार प्रशासन से पूनम को जल्द खोजने की गुहार लगाते रहे। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। जिउतिया पर्व के दिन हुए इस हादसे से पूरे इलाके में भी शोक का माहौल है।
Tags
जमशेदपुर
Comments