सिनी के जोनल प्रशिक्षण संस्थान में एकदिवसीय आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण, रेल सिविल डिफेंस टीम ने दिया बहुविषयक प्रशिक्षण


सिनी: दक्षिण पूर्व रेलवे के जोनल प्रशिक्षण संस्थान (ZRTI), सिनी में एक दिवसीय बहुविषयक आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान टाटानगर रेल सिविल डिफेंस टीम के इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने अतिथि व्याख्याता के रूप में उपस्थित होकर प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में दक्षिण पूर्व रेलवे और ईस्ट कोस्ट रेलवे के रिफ्रेशर ट्रेन मैनेजरों ने भाग लिया। इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने प्रशिक्षण के दौरान दुर्घटना स्थल पर गोल्डन ऑवर के महत्व, एंबुलेंस सेवा 102 एवं 108, घायलों की ट्रायेज (Triage) प्रक्रिया, सुरक्षित परिवहन, प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड), फर्स्ट एडर की भूमिका तथा सीपीआर (CPR) की विधि की विस्तार से जानकारी दी।

इसके अलावा बारिश के मौसम में होने वाली सर्पदंश (स्नेक बाइट) की घटनाओं से बचाव, विषैले एवं विषहीन सांपों की पहचान और आवश्यक प्राथमिक उपचार के बारे में डिजिटल माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान डेमोंस्ट्रेटर अनिल कुमार सिंह ने अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) के सही उपयोग, सुरक्षा सावधानियों एवं अग्निशमन तकनीकों का मॉक ड्रिल के माध्यम से व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।

इस प्रशिक्षण में संबलपुर, रायपुर, भुवनेश्वर और आद्रा मंडल से आए कुल 65 रिफ्रेशर ट्रेन मैनेजरों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में संस्थान के मुख्य अनुदेशक संतोष कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने कहा कि ZRTI में रेल सिविल डिफेंस टीम द्वारा दिया जा रहा आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण अत्यंत उपयोगी और लाभदायक है तथा भविष्य में ऐसी प्रशिक्षण कार्यशालाएं रेलवे कर्मियों की आपदा से निपटने की क्षमता को और मजबूत करेंगी।

Comments

और नया पुराने