जमशेदपुर कोर्ट के पास युवक के अपहरण का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त थार जब्त


जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना पुलिस ने जमशेदपुर कोर्ट के पास से युवक के अपहरण मामले का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त थार वाहन (JH05DA-4721) भी जब्त कर लिया है। 

वहीं, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।सिटी एसपी ललित मीणा ने शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 15 जुलाई को सूचना मिली थी कि छायानगर निवासी सुशील डे (पिता- राजेश डे) का जमशेदपुर कोर्ट परिसर के पास से अपहरण कर लिया गया है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया और सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां स्थानीय लोगों ने घटना की पुष्टि की। इसके बाद थाना प्रभारी के फर्दबयान पर सीतारामडेरा थाना कांड संख्या 74/2026 दर्ज कर त्वरित जांच और छापेमारी शुरू की गई।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसी दिन अपहृत सुशील डे को सकुशल बरामद कर लिया। 

मामले की आगे की जांच में 18 जुलाई को नामजद आरोपी मोनी मोहंती उर्फ चितरंजन मोहंती और कृष्णा यादव उर्फ दबंग को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों से पूछताछ जारी है।गिरफ्तार कृष्णा यादव सोनारी थाना क्षेत्र के आदर्श नगर, ग्वाला बस्ती का निवासी है, जबकि मोनी मोहंती गोलमुरी थाना क्षेत्र की सिंधी रिफ्यूजी कॉलोनी का रहने वाला है।

पुलिस के अनुसार, मोनी मोहंती के खिलाफ पूर्व से ही गोलमुरी थाना में धोखाधड़ी, जालसाजी समेत कई गंभीर धाराओं में आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।

Comments

और नया पुराने