जमशेदपुर: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 18 एवं 20 जुलाई को आयोजित दो दिवसीय विशेष सहायता शिविर का सोमवार को समापन हुआ।
शिविर में मतदाताओं को इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराने, फॉर्म भरने में सहयोग, जमा करने, डिजिटाइजेशन तथा मैपिंग संबंधी सहायता प्रदान की गई।विशेष सहायता शिविर के अंतिम दिन जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने मानपीटा, घोड़ाबांधा और बर्मामाइंस क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
उन्होंने बीएलओ द्वारा इन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण, संग्रहण, डिजिटाइजेशन और मतदाताओं को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लेते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि विशेष सहायता शिविरों का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता को इन्यूमरेशन फॉर्म भरने एवं जमा करने में हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराना था। उन्होंने अपील की कि जिन मतदाताओं ने अब तक अपना इन्यूमरेशन फॉर्म ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से भरकर हस्ताक्षर सहित बीएलओ को जमा नहीं किया है, वे बिना विलंब ऐसा करें, ताकि डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।
उन्होंने बताया कि वर्तमान मतदाता सूची में दर्ज सभी मतदाताओं के लिए इन्यूमरेशन फॉर्म मुद्रित कर बीएलओ के माध्यम से घर-घर पहुंचाया गया है। मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए सभी मतदाताओं का सहयोग आवश्यक है।निरीक्षण के दौरान ईआरओ सह अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह, संबंधित बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, कंप्यूटर ऑपरेटर तथा बड़ी संख्या में मतदाता उपस्थित रहे।
Tags
जमशेदपुर
Comments