जमशेदपुर, 7 सितंबर 2026: जुगसलाई में सोमवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) का 62वां स्थापना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में विहिप झारखंड की दुर्गा वाहिनी संयोजिका कृति गौरव मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि झारखंड के सभी जिलों में विभिन्न स्थानों पर विहिप का स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। विहिप का प्रमुख उद्देश्य हिंदू समाज को संगठित करना और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है।
कृति गौरव ने कहा कि विहिप की ओर से यह संकल्प लिया गया है कि सभी हिंदू सहोदर भाई हैं, कोई भी हिंदू पतित नहीं है और सभी हिंदू एक हैं। उन्होंने हनुमान जी का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार उन्हें उनकी शक्ति का स्मरण कराना पड़ता था कि उनके लिए कोई कार्य असंभव नहीं है, उसी प्रकार हिंदू समाज को भी उसकी सामूहिक शक्ति का एहसास कराने की आवश्यकता है। संगठित समाज कठिन से कठिन कार्य को भी पूरा कर सकता है।
उन्होंने धर्मांतरण और सामाजिक भेदभाव का मुद्दा उठाते हुए कहा कि समाज के वंचित और उपेक्षित वर्गों को साथ लेकर चलना जरूरी है। उन्होंने सामाजिक समरसता को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि समाज में जातिगत विभाजन से एकता प्रभावित होती है। विहिप का उद्देश्य हिंदू समाज को जागरूक करना और समाज के बीच जाकर लोगों को संगठित करना है।
कृति गौरव ने कहा कि जिस प्रकार भगवान श्रीराम ने विभिन्न वर्गों और प्रकृति के सहयोगियों को साथ लेकर रावण का सामना किया, उसी प्रकार हिंदू समाज को भी सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक एकता और समरसता के माध्यम से ही सनातन परंपरा को मजबूत किया जा सकता है।
धर्म की रक्षा के लिए संगठन जरूरी : अरुण सिंह
विहिप सिंहभूम विभाग मंत्री अरुण सिंह ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद एक विश्वव्यापी संगठन है। उन्होंने विहिप के प्रतीक विशाल बरगद के पेड़ का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस प्रकार बरगद की शाखाएं चारों दिशाओं में फैलती हैं, उसी प्रकार विहिप का कार्य भी देश-विदेश में विस्तार पा रहा है।
उन्होंने कहा कि विहिप का मूल भाव “धर्मो रक्षति रक्षितः” है, अर्थात जो धर्म की रक्षा करता है, धर्म उसकी रक्षा करता है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने भी धर्म की रक्षा के लिए सुदर्शन चक्र धारण किया था।
अरुण सिंह ने विहिप की स्थापना के इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 1964 में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मुंबई के सांदीपनि आश्रम में विश्व हिंदू परिषद की स्थापना की गई थी। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज के हितों और धर्म-संस्कृति की रक्षा के उद्देश्य से संगठन की स्थापना की गई थी।
कार्यक्रम में विहिप जमशेदपुर महानगर जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता, जिलामंत्री चंद्रिका भगत, मातृशक्ति जमशेदपुर महानगर प्रमुख एम. भवानी सहित समाज के कई सम्मानित सदस्य एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Tags
झारखंड / जमशेदपुर
Comments