एग्रिको दुर्गा पूजा पंडाल का भूमि पूजन संपन्न, रघुवर दास ने रखी भव्य आयोजन की नींव


जमशेदपुर। एग्रिको दुर्गा पूजा पंडाल के निर्माण कार्य का भूमि पूजन रविवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूजा कमेटी के संरक्षक रघुवर दास के कर-कमलों द्वारा विधिवत संपन्न हुआ। भूमि पूजन के साथ ही एग्रिको में दुर्गा पूजा की तैयारियों का औपचारिक शुभारंभ हो गया।

इस अवसर पर दुर्गा पूजा कमेटी के अध्यक्ष वाई.पी. सिंह, महामंत्री भूपेंद्र सिंह सहित पूजा कमेटी के सभी पदाधिकारी और एग्रिको के बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।कमेटी के अनुसार इस वर्ष एग्रिको दुर्गा पूजा पंडाल के निर्माण पर करीब 15 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

 वहीं मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा का निर्माण लगभग 2 लाख रुपये की लागत से बेलदा के कुशल कारीगरों द्वारा किया जाएगा। पंडाल निर्माण की जिम्मेदारी पश्चिम बंगाल के कोंटाई से आने वाले अनुभवी कारीगरों और मजदूरों को दी गई है।इस वर्ष पूजा पंडाल को भव्य और आकर्षक स्वरूप देने की तैयारी है। 

श्रद्धालुओं के लिए आकर्षक पंडाल और मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा के साथ-साथ मेले का भी विशेष आयोजन किया जाएगा। पूजा कमेटी की ओर से आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।पूजा कमेटी ने शहरवासियों और श्रद्धालुओं से एग्रिको दुर्गा पूजा पंडाल में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन करने तथा पंडाल और मेले का आनंद लेने की अपील की है।

Comments

और नया पुराने